लॉकडाउन के पहले दिन सैर-सपाटा करने के इरादे से निकले मनचलों पर पुलिस का डंडा चला। राजधानी पटना के कोतवाली, सुलतानगंज और जक्कनपुर जैसे इलाकों में पुलिस ने बीच सड़क पर ही मनचलों की क्लास ली। जक्कनपुर पुलिस बाइक सवार युवकों से उठक-बैठक करवाते दिखी।
चंद ही मिनटों में पुलिस की सख्ती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कंकड़बाग, कदमकुआं, बेली रोड, पत्रकारनगर, पाटलिपुत्र, बाइपास जैसे इलाकों में भी पुलिस ने बगैर काम के घूमने निकले लोगों पर नकेल कसी। सुबह के वक्त पटना के रेंज आईजी संजय सिंह ऑन रोड हो गये। आईजी ने दीघा, पाटलिपुत्र, दानापुर, राजीवनगर, गांधी मैदान, महेंद्रू समेत अन्य इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने कई जगहों पर गाड़ी रोककर लोगों से मास्क पहनने और जरूरी काम से निकलने की अपील की।
सुबह सात बजे सड़क पर आयी पुलिस, 11 बजे बंद हुईं दुकानें
पटना पुलिस की टीम सुबह के सात बजे सड़क पर आ गयी। सभी भीड़ वाली जगहों पर पुलिस ने गश्ती गाड़ी लगाकर लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की। वहीं सुबह के 11 बजे दुकानों को बंद करवा दिया गया। इसके बाद सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। दुकान समय से बंद करने के लिये पुलिस माइक से एनाउंस कर रही थी।