मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को कहा कि राज्य में कहीं भी अवैध शराब के धंधे से जुड़े लोगों और शराब पीने वालों की जानकारी मिले तो आप फोन कीजिए। शिकायत मिलने के घंटे-डेढ़ घंटे के भीतर कार्रवाई होगी, आपकी पहचान भी गुप्त रहेगी।
शराब के अवैध धंधेबाजों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, वे पकड़े भी जा रहे हैं। हम कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सामाजिक सद्भाव के मामलों में सचेत रहते हैं।
कहीं कोई गड़बड़ करता है तो जरूर सूचना मिलनी चाहिए ताकि कार्रवाई हो सके।
इससे पहले रालोसपा के विलय के मौके पर पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर अनाप-शनाप प्रचार होता है।
अगर कोई गलत बात करता है तो उसे जवाब दीजिए, साथ ही सकारात्मक चीजों की भी चर्चा होनी चाहिए। आज लोगों को गुमराह करने की कोशिश हो रही है। जो सच्चाई है, उसे लोगों तक पहुंचाइए।