बिहार अब खुद लॉ एंड ऑर्डर संभाल लेगा। RAF की कंपनी के लिए झारखंड और उत्तर प्रदेश पर अब निर्भरता खत्म हो जाएगी। जल्द ही बिहार में CRPF के RAF की पूरी एक बटालियन होगी।
इसका अपना मुख्यालय होगा। इसके लिए बिहार सरकार ने 50 एकड़ जमीन वैशाली जिले के हाजीपुर में उपलब्ध करा दी है। जल्द ही मुख्यालय के लिए बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का काम शुरू हो जाएगा।
अब तक किसी भी प्रकार की हिंसा होने और लॉ एंड बिगड़ने की आशंका पर CRPF की रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की कंपनी को अक्सर दूसरे राज्यों से मंगवाना पड़ता था।
किसी भी त्योहार के समय सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर पुलिस के साथ-साथ RAF की कंपनी की भी तैनाती की जाती है।
इसके लिए RAF की कंपनी को कभी झारखंड के जमशेदपुर से तो कभी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज तो कभी बनारस से बुलाया जाता था।
पंजाब से बिहार शिफ्ट कर दी जाएगी RAF की 114वीं बटालियन
CRPF बिहार सेक्टर के IG हेमंत प्रियदर्शी के अनुसार इस साल के अंत तक RAF का मुख्यालय बिहार में काम करना शुरू कर देगा।
पंजाब के जालंधर में RAF की 114वीं बटालियन है। इस बटालियन को ही पंजाब से बिहार शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसकी कुल 4 कंपनियां हैं।
इसकी एक कंपनी वर्तमान में मुजफ्फरपुर में मौजूद है। जबकि, मुख्यालय बनते ही बाकी की तीन कंपनियों को बिहार में शिफ्ट कर दिया जाएगा। बिहार को इसका पूरा फायदा मिलेगा।