बिहार में सरकारी नौकरी पाने की चाहत रखने वालों के लिए खुशखबरी है। बिहार पुलिस में सिपाही से लेकर अधिकारी तक के रिक्त पदों पर जल्द ही बहाली होगी।
जरूरत के मुताबिक नए पद भी सृजित किए जाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया में महिलाओं को तरजीह दी जाएगी।
इसका ऐलान खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया है। बिहार पुलिस बल में महिलाओं की संख्या फिलहाल 23 फीसद हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 3-4 वर्षों में इसे 30 से 35 फीसद तक पहुंचा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस बल में महिलाओं को 35 फीसद आरक्षण दिया गया है। उनकी घोषणा के मुताबिक बिहार में हजारों युवतियों के लिए बिहार पुलिस में नौकरी की राह खुलेगी।
35 फीसद के अनुपात को हासिल करने के लिए बिहार में 10 हजार से अधिक महिला पुलिस कर्मियों की बहाली करनी होगी।
15 वर्ष में बिहार पुलिस में हुई 50 हजार से अधिक नियुक्तियां
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीएमपी-5 परिसर स्थित मिथिलेश स्टेडियम में बिहार पुलिस सप्ताह के समारोह में शुक्रवार को इस बाबत अपनी बात रखी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में 50 हजार से ज्यादा नियुक्तियां पुलिस में की गई हैं।
10 हजार से ज्यादा नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं। पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों की जरूरत होगी तो उसे भी पूरा किया जाएगा।
सरकार का ध्यान नई नियुक्तियों के साथ ही नए पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के समुचित प्रशिक्षण पर भी है।