इंस्टेंट मैसेजिंग एप व्हाट्सएप (WhatsApp) जल्द आने वाली प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर काफी विवादों में रहा है।
कई यूजर्स का मानना है कि इससे उनका पर्सनल डेटा फेसबुक के साथ शेयर कर दिया जाएगा।
विवाद को बढ़ता देख नई पॉलिसी को कुछ दिन के लिए टाल दिया गया था।
WABetaInfo की मानें तो व्हाट्सएप के नए नियम 15 मई से लागू होंगे।
वहीं, व्हाट्सएप के ब्लॉगपोस्ट में सामने आया है कि व्हाट्सएप ने यूजर्स को पॉलिसी समझाने और इसे ‘स्वीकार’ कराने का एक नया तरीका ढूंढ लिया है।
इस तरह अपनी पॉलिसी समझाएगा व्हाट्सएप
व्हाट्सएप अपनी नई प्राइवेसी पॉलिसी पर फैले भ्रम से लड़ने के लिए एक नया तरीका अपनाने जा रहा है।
ब्लॉग की मानें, तो आने वाले हफ्तों में व्हाट्सएप अपने एप पर एक बैनर दिखाना शुरू करेगा जो यूजर्स को पॉलिसी से जुड़ी डीटेल्स समझाएगा। यह बैनर चैट के ठीक ऊपर होगा, जिसमें लिखा होगा, ‘हम नियम और प्राइवेसी पॉलिसी को अपडेट कर रहे हैं। पढ़ने के लिए टैप करें।’ इसपर टैप करने से पूरी पॉलिसी डीटेल के साथ खुल जाएगी। यहीं पर इसे स्वीकार (Accept) करने का ऑप्शन भी मिलेगा।