इन दिनों नवरात्रि का पर्व पूरे देश में चल रहा है, लोग नौ दिन लगातार मां दुर्गा की पूजा करते हैं। इसी बीच उड़ीसा में एक गाय ने ऐसे बछड़े को जन्म दिया कि लोग गाय के साथ बछड़े की पूजा करने लगे। यहां की गाय ने जिस बछड़े को जन्म दिया, उस बछड़े के दो सिर और तीन आंखें हैं।
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के नबरंगपुर में किसान धनीराम के यहां एक गाय ने काफी अजीबोगरीब बछड़े को जन्म दिया है। बछड़े के दो सिर और तीन आंखें हैं। जब इस बछड़े को लोगों ने देखा तो हैरान रह गए। यह बात पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और बछड़े को देखने के लिए काफी दूर-दूर से लोग आने लगे। बताया जा रहा है कि बछड़े को अभी दूध पीने में काफी परेशानी हो रही है। लिहाजा, उसे बाहर से दूध लाकर पिलाना पड़ रहा है। अब लोग इस बछड़े को मां दुर्गा का अवतार मान रहे हैं और उसकी पूजा कर रहे हैं।
यह बछड़ा देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नबरंगपुर जिले के बीजापुर गांव में रहने वाले किसान धनीराम ने दो साल पहले ही इस खरीदा था। हाल ही में बछड़े का जन्म हुआ तो किसान ने देखा कि उस बच्चे को एक सिर नहीं बल्कि दो सिर और तीन आंख हैं। थोड़ी ही देर बाद जब इसकी खबर गांव के लोगों को लगी, तो वहां भीड़ लग गई।