बिहार में मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। अगले दो दिनों तक राजधानी का मौसम सामान्य रहेगा। वहीं, उत्तर बिहार के सीमावर्ती जिलों में बारिश की संभावना है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण बिहार के दक्षिण हिस्से में भी बारिश हो सकती है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि बिहार का मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। अगले दो दिनों तक इसी तरह मौसम बने रहने की उम्मीद है। वर्तमान में मानसून की रेखा दिल्ली, ग्वालियर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। मध्य बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। उससे प्रदेश के दक्षिणी भाग में बारिश के आसार बने हैं।
इन जिलों के लिए तात्कालिक चेतावनी जारी
पटना के मौसम विज्ञान केंद्र ने पश्चिमी चंपारण जिले के कुछ हिस्सों में वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की तात्कालिक चेतावनी जारी की है। इसके अलावा बक्सर, पूर्वी चंपारण, सिवान और सारण जिले के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है।