नेपाल (nepal) के प्रथम राष्ट्रपति रामबरन यादव (Ram Baran Yadav) बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे निजी दौरे पर दरभंगा पहुंचे। उनके साथ उनके छोटे पुत्र डॉ.चंद्रमोहन यादव व उनकी पत्नी भी थीं। नेपाल के पूर्व राष्ट्रपति रामबरन यादव (Ram Baran Yadav) सबसे पहले स्थानीय सर्किट हाउस पहुंचे। वहां कुछ देर रुकने के बाद वे करीब ढाई बजे शहर के दिग्घी पश्चिमी स्थित अपने रिश्तेदार अधिवक्ता मनोज यादव के घर पहुंचे।
रामबरन यादव (Ram Baran Yadav) मनोज यादव की बहन के ससुर हैं। मनोज यादव के पिता का निधन हाल ही में हुआ था। पूर्व राष्ट्रपति ने अधिवक्ता मनोज के घर पहुंचकर उनके पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया और परिवार के लोगों का हाल जाना। वे यहां करीब दो घंटे तक रुके। इस दौरान उन्होंने नाश्ता किया और चाय पी।
इस दौरान पारिवारिक बातें हुईं। ‘हिन्दुस्तान’ से संक्षिप्त बातचीत में पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और नेपाल का शुरू से ही बेटी-रोटी का संबंध है। भारत में मेरे भी कई रिश्तेदार हैं। भारत-नेपाल का यह संबंध समय के साथ और प्रगाढ़ होता जा रहा है।