कॉमेडी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा भारतीय दर्शकों का चहेता शो बना हुआ है। इससे जुड़ी हर छोटी-बड़ी घटना एक खबर बन जाती है। अब चर्चा है कि शो की सबसे ग्लैमरस एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता यह शो छोड़ने वाली हैं। मुनमुन इस शो में अय्यर की पत्नी बबीता जी का किरदार निभाती हैं। हालांकि मुनमुन ने खुद बताया है कि वो यह शो नहीं छोड़ रही हैं। उन्होंने यह भी साफ किया है कि अगर वो शो छोड़ेंगी तो आधिकारिक जानकारी देकर ही शो को अलविदा कहेंगी।
दमन नहीं पहुंची मुनमुन
कोरोना महामारी के चलते महाराष्ट्र में शूटिंग बैन होने के बाद से कई कलाकारों और क्रू को दमन में शिफ्ट किया गया है और संभव है कि अब वहां शूटिंग की जाए। टीम के अधिकांश मेंबर दमन पहुंच चुके हैं, लेकिन मुनमुन दत्ता दमन भी नहीं पहुंची थी। अब तारक मेहता का उल्टा चश्मा की टीम मुंबई लौट आई है लेकिन स्पॉटबॉय की रिपोर्ट में बताया गया है कि मुनमुन दत्ता अभी तक वापस नहीं आई है। इसके बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि मुनमुन ने यह शो छोड़ दिया है।
मुनमुन ने खुद किया खुलासा
मुनमुन दत्ता ने खुद खुलासा करते हुए बताया है कि वो सेट में इसलिए मौजूद नहीं थी क्योंकि ट्रैक में उनकी जरूरत ही नहीं थी। उन्होंने कहा “पिछले 2 से 3 दिनों में कई गलत खबरें दिखाई गई हैं। मेरी जिंदगी पर इनका गलत प्रभाव पड़ा है। लोग कह रहे हैं कि मैं शो के सेट पर नहीं जा रही हूं और यह बिल्कुल गलत है। हकीकत यह है कि ट्रैक में मेरी जरूरत ही नहीं है। इसी वजह से मुझे शूटिंग के लिए नहीं बुलाया गया। प्रोडक्शन सीन और आगे का ट्रैक तय करता है। मैं इसका फैसला नहीं करती। मैं सिर्फ एक कलाकार हूं जो सेट पर जाती है अपना काम करती है और घर लौट आती है। इसलिए अगर सीन में मेरी जरूरत नहीं तो स्वाभाविक तौर पर मैं शूटिंग नहीं करूंगी।”