देश की प्रमुख कैब प्रदाता कंपनी Ola ने बीते दिनों घरेलू बाजार में अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर की बुकिंग शुरू की है। इस इलेक्ट्रिक स्कूटर को आप कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से महज 499 रुपये में बुक कर सकते हैं। अब तक अलग-अलग मौकों पर इस स्कूटर को कई रंगों में स्पॉट किया गया है। आज कंपनी के फाउंडर भाविश अग्रवाल ने ट्वीटर पर इस स्कूटर को नए व्हाइट कलर में पेश किया और साथ ही लोगों से इस स्कूटर के भिन्न रंगों के लिए सुझाव भी मांगे हैं।
भाविश अग्रवाल ने ट्वीटर एक पोल पोस्ट में लिखा है कि, “आज हम रंगों को फाइनल कर रहे हैं, आप इनमें से किस का चुनाव करेंगे”। इस पोस्ट में अलग-अलग रंगों के लिए वोटिंग का विकल्प दिया गया है, जिसमें खबर लिखे जाने तक 3,822 लोगों ने वोट किया है। इस पोल में अब तक सबसे ज्यादा 42.6% लोगों ने मैटे ब्लैक, ब्लू और ग्रे कलर को चुना है। वहीं तकरीबन 9.1% लोगों ने पेस्टल- रेड, येलो और ब्लू को वोट किया है। इसके अलावा 6.1% लोगों ने मैटेलिक- सिल्वर, गोल्ड और पिंक का चुनाव किया है। इतना ही नहीं, तकरीबन 42.2% लोगों ने कहा है कि उन्हें ये स्कूटर सभी रंगों में चाहिएं।
बता दें कि, ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर ने बाजार में आने से पहले ही धूम मचा दी है। एक दिन में ही कंपनी ने इसके 1 लाख से ज्यादा यूनिट्स की बुकिंग दर्ज कर ली है। आज इस स्कूटर के व्हाइट कलर मॉडल को ट्वीटर पर पोस्ट किया गया है, जो कि देखने में काफी आकर्षक लग रहा है। कंपनी जल्द ही इस स्कूटर को बाजार में बिक्री के लिए लॉन्च करेगी।