सुपौल के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की रात एक शादी समारोह में अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई। वरमाला की रस्म से पहले दूल्हे राजा की प्रेमिका अपने बच्चों के साथ आ धमकी। प्रेमिका के पहुंचने पर वहां रंग में भंग पड़ गया। डीजे की धुन पर नाच रहे बराती और स्वागत में खड़े लड़की के स्वजन की खुशी गम में बदल गई। दूल्हे राजा की पिटाई भी हुई और प्रेमिका के मायके में ही बंधक बनना पड़ा।
दरअसल दूल्हे राजा जिस गांव में बाजे-गाजे के साथ शादी करने आए थे, संयोग से समारोह स्थल से कुछ ही दूरी पर प्रेमिका का मायका है। वरमाला से ठीक पहले वह शादी के मंडप में पहुंच गई। वहां अपनी प्रेम कहानी गांव वालों को बताई। लड़की की बात सुन ग्रामीणों ने शादी को रुकवा दी और दूल्हे राजा की पिटाई कर पिता सहित कई बरातियों को बंधक बना लिया।
जानकारी के अनुसार प्रेमिका की शादी पांच वर्ष पूर्व राघोपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद उसी गांव के रहने वाले इस दूल्हे से उसका अवैध संबंध हो गया। इसकी भनक ससुराल पक्ष के लोगों को लगी तो उन्होंने विवाहिता को छोड़ दिया और वह अपने मायके में तीन बच्चों के साथ रहने लगी।
प्रेमिका ने बताया कि पहली शादी टूटने के बाद उसने इस युवक (दूल्हे राजा) से प्रेम कर लिया। छह माह पूर्व शादी कर ली। इस बाबत थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं मिली है। आवेदन मिलने के उपरांत कार्रवाई की जाएगी।
दूल्हा और बरातियों की हुई पिटाई
प्रेमिका की बात सुन लड़की पक्ष के लोग वर समेत उनके भाई और पिता को बंधक बना लिया। लोगों ने वर की पिटाई कर दी। कई लोगों के बीच में आ जाने के बाद लोग माने। हालांकि जो भी प्रेमिका के आने से दूल्हे राजा की शादी टूट गई।