सिवान: जिले की नदियों और सरकारी तालाबों में मछली पकड़ने वाले मछुआरों के लिए सरकार ने बड़ी पहल की है। अब मछली मारने की अनुमति खास लोगों को ही मिलेगी। विशेष कार्डधारी मछुआरे ही नदियों व तालाबों में मछली पकड़ने का काम कर सकेंगे। बता दें कि आए दिन नदियों व सरकारी जलश्रोतों में मछली पकड़ने के दौरान आपसी विवाद की खबरें सामने आती हैं। इन विवादों के कारण कई हिंसक झड़पों के मामले भी सामने आते हैं। इसमें मौत भी हो जाती है और माहौल भी खराब होता है। इसको ध्यान में रखते हुए पशुपालन विभाग द्वारा यह पहल की गई है।
कार्डधारी मछुआरों को ही मिलेगी सरकारी सुविधाओं व योजनाओं का लाभ
विभाग की तरफ से मछुआरों के लिए विशेष कार्ड जारी किए जाएंगे। जिले की नदियों या सरकारी तालाबों व पोखरों में उन्हीं मछुआरों को मछली पकड़ने की अनुमति होगी, जिनके पास यह विशेष कार्ड उपलब्ध होगा। अन्यथा दूसरों को अवैध माना जाएगा। वहीं विशेष कार्ड बनवाने वाले मछुआरों को ही सरकारी सुविधाओं व योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
मछुआरों के लिए खास तैयारी
सिवान के जिला मत्स्य पदाधिकारी सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा मछुआरों के लिए खास तैयारी की गई है। जिले के सभी मछुआरों के लिए कार्ड बनाया जाएगा। यह कार्ड जिले में मछली पकड़ने का काम करने वाले मछुआरों को दिया जाएगा। उन्हें ही सरकारी सुविधाओं का भी लाभ मिल पाएगा।