उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में अपनी बारात आने के चार दिन पहले थाने पहुंची लड़की माता-पिता पर जबरदस्ती शादी करने का आरोप लगाने लगी और प्रेमी के साथ जाने पर अड़ गयी। दिन भर थाने में चली पंचायत के बाद लड़की के बालिग होने के चलते पुलिस ने उसे प्रेमी के साथ भेज दिया।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में माता पिता ने अपनी लड़की की शादी अपने हैसियत के हिसाब से दान दहेज देकर तय कर दिया था। 12 जून को बारात आनी थी घर में कई दिनों से मंगलगीत भी हो रहा रहा था। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो गयी थी। माता-पिता बेटी की शादी के लिए हर एक सामान जुटाने में लगे थे कि बेटी की विदाई में कोई कमी न रह जाय। इसी बीच लड़की मंगलवार को थाने पहुंच गयी जहां माता पिता पर जबरदस्ती शादी कराने का आरोप लगाने लगी। लड़की गांव के ही एक सजातीय लड़के से शादी करने की जिद पर अड़ गयी। पुलिस ने लड़की के माता-पिता को सूचना देकर थाने बुलवाया।
अपने शुभचिंतकों के साथ थाने पंहुचे लड़की के माता पिता ने घंटों उसे समझाने का प्रयास किया। साथ में आये लोगों ने भी उसे लाख दुनियादारी समझायी लेकिन लडक़ी अपने प्रेमी से ही शादी के लिये अड़ी रही। दिन भर चले पंचायत व मान मनौव्वल बाद लड़की के जिद के चलते उसके प्रेमी के साथ भेज दिया गया। इस संबंध में एसओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि लड़की बालिग है। माता-पिता के आग्रह पर उसे समझाने का प्रयास किया गया लेकिन वह प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। कागजी खानापूर्ति के बाद उसके प्रेमी के साथ उसे भेज दिया गया।