मोतिहारी में जब बाढ़ ने दूल्हे का रास्ता रोका तो बैंड, बाजा और बारात के साथ वह नाव से ही शादी करने निकल पड़ा। नाचते-गाते बाराती दुल्हन के द्वार लगे और धूमधाम से शादी हुई। ताजा मामला सुगौली के दक्षिणी मनसिंघा पंचायत के रोशनपुर सपहां का है। दरअसल रोशनपुर सपहां में 3-4 फीट तक पानी लगा हुआ है। डायवर्जन टूट चुके हैं, जिसके कारण कई गांव का संपर्क मुख्य पथ से टूट गया है। जगह-जगह नाव चल रहे हैं।
ऐसे में शादियां बेरंग होती जा रही हैं, क्योंकि बिना बारात के दूल्हा अपनी दुल्हन ब्याहने पहुंच रहा है। दूल्हे ने जब देखा कि बाढ़ का पानी फिलहाल तो निकलने वाला नहीं है तो वह बारात के साथ नाव से ही शादी करने पहुंच गया।
सुगौली में चारों ओर पानी ही पानी है। प्रखंड के सभी गांव बाढ़ प्रभावित हो चुके हैं। बाढ़ के कारण रास्ता बंद हो चुका था। केवल नाव ही एक सहारा था। भाग्यनारायण यादव के पुत्र नीतीश कुमार का शादी थी, जिसके लिए बारात बैराठपुर जानी थी। गांव से निकलने वाला रास्ता रोशपुर और भेड़ियारी के बीच बाढ़ के कारण सड़क टूट चुकी है, जिसके कारण नाव से ही मुख्य सड़क तक पहुंचा जा सकता है।
यहां बाढ़ के कारण आवागमन पूरी तरह से ठप है। इसलिए दूल्हे राजा और बाराती नाव पर सवार हो गए। डेढ़ किमी तक पानी में नाव से रास्ता तय करने के बाद मुख्य सड़क पर आए। इसके बाद बारात दूल्हे के साथ गाड़ी पर चढ़कर बैराठपुर पहुंची।