बिहार में मानसून का इंतजार खत्म हो गया। प्रदेश का मौसम पिछले 24 घंटे से बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक समुद्र तल पर ट्रफ लाइन गुजर रही है। 11 जून को हवा के कम दबाव का क्षेत्र पूर्वोत्तर में बंगाल की खाड़ी पर बन जाएगा।
कम दबाव का यह क्षेत्र उत्तर पश्चिम दिशा में अग्रसर हो रहा है। ऐसे में प्रदेश में समय से पूर्व 12-13 जून को मानसून के पहुंचने की संभावना है। गुरुवार को राजधानी समेत कई जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने व मेघ गर्जन के साथ बारिश के आसार हैं।
प्रदेश में मानसून की पहली बारिश पूर्णिया में 13 जून को होने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद पटना और गया में बारिश के आसार दिख रहे हैं। पूर्वोत्तर में बंगाल की खाड़ी में हवा के कम दबाव के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है। इसके कारण अधिकतम तापमान 35-40 डिग्री के बीच बना है। राज्य में पूर्वी एवं पश्चिमी हवा का संगम हो रहा है। इसके कारण वज्रपात में कमी आएगी।
मौसम विज्ञान से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोजपुर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री एवं राजधानी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।