बिहार में मानसून की आहट आने लगी है। सोमवार और मंगलवार को लगातार क्रमश: अधिकतम तापमान 43 डिग्री और 40 डिग्री सेल्सियस रहने के बाद आज बुधवार को मौसम ने करवट ली है। कई जिलों में अलसुबह से ही तेज बारिश शुरू हो गई है। भीषण गर्मी के बाद सुबह से कई जगहों पर मूसलाधार बारिश हुई। पटना में अलसुबह करीब 3:30 बजे से ही बरखा की टिप-टिप से लोगों की नींद खुली। इसके बाद जमकर बारिश हुई।
यह बारिश खेती-किसानी के लिए भी यह अत्यंत लाभदायक होगा। हालांकि मौसम विज्ञानियों का कहना है कि यह प्री-मानसून की बारिश है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विज्ञानियों ने संभावना जताई थी कि नौ जून से प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जिलों में आंधी भी चल सकती है।
बता दें कि प्रदेश में सामान्य तौर पर 14 जून को मानसून का आगमन होता है। इस बार देश के कई हिस्सों में समय से पहले मानसून के आगमन को देखते हुए बिहार में भी इसके एक-दो दिन पहले पहुंचने के आसार हैं। इस बार मानसून के झूमकर बरसने की उम्मीद है।