चक्रवाती तूफान ‘यास’ का असर बिहार के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। दरभंगा, मधुबनी, भोजपुर, सारण, सीवान, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर के कुछ भागों में अगले तीन से चार घंटों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जतायी गयी है।
इस दौरान मेघगर्जन, वज्रपात एवं बिजली के साथ हवा चलने की भी संभावना है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। मौसम विभाग ने रेडार, उपग्रह एवं अन्य प्रेक्षण के अनुसार अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान सही दिखा और गुरुवार से मौसम ने अपना मिजाज बदला। गुरुवार देर रात के बाद शुक्रवार सुबह भी कई जगहों पर पेड़ गिर गये। तो कई जगहों पर कच्चे घर ध्वस्त हो गये। पेड़ गिरने के कारण कुछ जगहों पर यातायात भी बाधित हुई। वही कई जिलों में बिजली की आंख मिचौनी भी जारी रही।
कुछ प्रखंडों में ब्लैक आउट जैसी स्थिति रही। बांका के अमरपुर स्थित लौगाय गांव में तेज आंधी के कारण घर पर ताड़ का पेड़ गिर गया। इससे एक बच्ची की मौत हो गयी व आंगन में खेल रही पांच वर्षीय बच्ची घायल हो गयी। वहीं दरभंगा, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में तूफान के कारण मौसम की मार जारी है।