लंबे समय से कार से हवा में उड़ने की तमन्ना रखने वालों के लिए अच्छी खबर है। एक ऐसी कार जो सड़क पर चलने के साथ- साथ हवा में भी उड़ने की क्षमता रखती हो, उसके बारे में सोचना काफी रोमांचक लगता है लेकिन उसे बनाना उतना ही चुनौतीपूर्ण होता है। हालांकि अब यह सपना पूरा होने जा रहा है। इसी तरह की एक कार ने अब ऐतिहासिक उड़ान भरते हुए एक शहर से दूसरे शहर तक का सफर पूरा किया है।
इस कार को एयरकार नामक कंपनी ने बनाया है और इस कार ने गत 28 जून को स्लोवाकिया के दो अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डों नित्रा और ब्रातिस्लावा के बीच उड़ान भरी। दोनों एयरपोर्ट के बीच दूरी को पूरा करने में इस फ्लाइंग कार को मात्र 35 मिनट लगे। यही नहीं यह कार मात्र तीन मिनट के अंदर उड़ने वाले कार में बदल जाती है। इस कार में 160 हार्स पावर का बीएमडब्ल्यू का इंजन लगाया गया है।
कार की हवा में 170 किमी प्रतिघंटे रफ्तार
एक बार तेल भरने पर यह कार 8200 फुट की ऊंचाई पर करीब 1000 किमी तक उड़ान भर सकती है। इसमें एक फिक्स प्रोपेलर और पैराशूट लगा हुआ है। यह कार हवा में 170 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से उड़ सकती है। कंपनी इसकी स्पीड को 300 किमी प्रतिघंटे तक बढ़ाने पर विचार कर रही है। इस कार ने अब तक 40 घंटे की उड़ान भरी है। अपनी उड़ान के दौरान कार ने 45 डिग्री पर खुद को मोड़ा। यह कार उड़ने में मात्र दो मिनट और 15 सेकंड लेती है। इतना ही समय इसे कार से प्लेन में बदलने में लगता है।