राज्य में आज भी बारिश के आसार हैं। कई जिलों में तेज तो कई में हल्की बारिश हो सकती है। बुधवार को कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई। राजधानी समेत कई जिलों में उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग का कहना है कि अभी मानसून सक्रिय है। बारिश के आसार बने हुए हैं। प्रदेश के उत्तर पूर्व और दक्षिण मध्य बिहार में हल्की से मध्यम स्तर तक की बारिश हो सकती है। उत्तर पूर्व बिहार में मूसलाधार बारिश की संभावना है। वज्रपात के आसार को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
भागलपुर, कटिहार, अररिया, सुपौल, दरभंगा, मधुबनी, समेत अन्य जिलोंं में वज्रपात को लेकर लोगों को अलर्ट किया गया है। इसका खतरा आने वाले समय में और बढ़ सकता है। हालांकि राजधानी और इससे सटे जिलों में तपिश बढ़ेगी। पछुआ हवा के कारण यहां राहत मिली है।
जून में हुई औसत से 119 फीसद अधिक बारिश
बता दें कि जून महीने में मानसून ने रिकार्डतोड़ बारिश कराई है। महीने में 339.5 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह औसत से 119 फीसद अधिक है। बिहार के 36 जिलों में अधिक बारिश दर्ज की गई है।