बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून से बारिश के अभी जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार एक जुलाई तक राज्य में भारी बारिश (Heavy Rain) होती रहेगी। मौसम विभाग ने करीब-करीब पूरे बिहार के लिए यलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी कर दिया है। राज्य के कई इलाकों में बारिश और तेज गरज के साथ वज्रपात की आशंका है। बीते 24 घंटे के दौरान पटना में बारिश (Rain in Patna) के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार की सुबह पटना में बारिश हो रही है।
जून में अब तक सामान्य से 138 फीसद ज्यादा बारिश
दक्षिण-पश्चिम मानसून इस वर्ष बिहार पर मेहरबान है। 12 जून से प्रदेश में मानसून सक्रिय है। कहीं तेज तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है। जून में अब तक 321.6 फीसद बारिश रिकार्ड की गई, जो सामान्य से 138 फीसद ज्यादा है। सामान्यत: राज्य में 15 जून के आसपास मानसून आता है, लेकिन इस वर्ष 12 जून यानी तीन दिन पहले आ गया। तबसे किसी न किसी क्षेत्र में अच्छी बारिश हो रही है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के संजय कुमार का कहना है कि वर्तमान में झारखंड में एक चक्रवातीय संचरण बना हुआ है, जिससे प्रदेश में बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने करीब-करीब पूरे बिहार के लिए अलर्ट जारी किया है। बिहार के पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सिवान, सारण, गोपालगंज सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद, भभुआ, जहानाबाद, अरवल, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में वज्रपात के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।