कानपुर में हिंदू से मुस्लिम बने मूक-बधिर आदित्य के माता-पिता के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। आदित्य अपने घर लौट आया है लेकिन मौलानाओं ने आदित्य का माइंड इस कदर वॉश कर दिया है कि वह अपने आगे किसी की नहीं सुन रहा। वह अब अपने ही माता-पिता से तर्क करते हुए कह रहा है कि इस्लाम सबसे बेहतर धर्म है।

आदित्य की मां ज्योति बताती हैं कि मौलानाओं ने बेटे के जेहन में हिंदुओं को लेकर इतनी नफरत भर दी है कि उसे आसानी से निकाल पाना मुश्किल है। यहां तक की उसे ये भी बता दिया गया है कि दुनिया का सबसे पुराना धर्म सनातन (हिंदू) नहीं बल्कि इस्लाम है। ज्योति ने ‘दैनिक भास्कर’ से उन 7 सवालों को साझा किया, जिसके लिए आदित्य घरवालों से ही लड़ने को तैयार है…

इन 7 सवालों का जवाब मांग रहा आदित्य

1- हिन्दू धर्म में तमाम देवी देवताओं को पूजा जाता है, जबकि इस्लाम में केवल एक अल्लाह को?

2- सबसे पुराना धर्म हिन्दू नहीं बल्कि इस्लाम है?

3- हिन्दू धार्मिक पुस्तकों और ग्रंथों में नियम स्पष्ट नहीं है, जबकि कुरान में सब कुछ शीशे की तरह साफ है?

4- हिन्दू धर्म मे मांसाहार वार्जित क्यों है, जबकि अल्लाह मांसाहार को अच्छा मानते हैं?

5- हिन्दू धर्म में एक शादी की ही इजाजत क्यों हैं, जबकि इस्लाम में अल्लाह ने कई शादियों की इजाजत दी है?

6- हिन्दू धर्म में शव को जलाया क्यों जाता है, जबकि शव को दफनाया जाना सही है जोकि इस्लाम में होता है ताकि कोई भय न हो?

7- हिन्दू धर्म में स्त्री और पुरुषों का पहनावा गलत है? जबकि इस्लाम में महिला-पुरुष का पहनावा बिल्कुल सही और आदर सम्मान का सूचक भी है।

आदित्य के सवालों का आचार्य मोहित पांडेय ने दिया जवाब

1. हर धर्म, मज़हब में देवी- देवताओं को पूजने को अपना-अपना रिवाज़ है। इसमें कोई धर्म छोटा-बड़ा या अच्छा-बुरा नहीं होता है। पूजा पद्धति पर सवाल विशुद्ध रूप से धार्मिक स्वरुप के आधार पर होता है।
2. ये आस्था से जुड़ा प्रश्न है। हर आस्थावान व्यक्ति अपने धर्म को सबसे पुराना मानता है, धर्म की वर्तमान स्थिति क्या है, ये ज्यादा मायने रखता है।
3. हिंदू धर्म का एक विराट स्वरूप है। नियम उसे मानने वाले पर लागू होते हैं, जो जिस धर्म को मानता है, उसके लिए वह सबसे बड़ा है। साफ-सुथरा है।
4. हिंदू धर्म में शाकाहार को सर्वोपरि माना गया है, लेकिन खानपान धर्म के पहचान का पैमाना नहीं हो सकता है। ये व्यक्ति की निजी आजादी से जुड़ा विषय है।
5. हिंदू धर्म में एक शादी को श्रेष्ठ दर्जा दिया जाता है, लेकिन कोई पाबंदी नहीं है। ये धर्म का विषय हो ही नहीं हो सकता है। ये इंसान की अपनी निजता का प्रश्न है। अल्लाह ने ये कहां कहा है कि जितनी मर्जी शादियां करो?
6. हिंदू धर्म में शव को जलाने के पीछे कई तर्क हैं। सबसे बड़ा तर्क है, मोक्ष की प्राप्ति। इस प्रश्न को ईश्वर और अल्लाह से जोड़ना गलत है, क्योंकि हिंदूओं में कई जातियां ऐसी हैं, जो शवों को जलाने के बजाय दफनाती भी हैं।
7. पहनावा धार्मिक पहचान से ज्यादा व्यक्ति की अपनी स्वतंत्रा का विषय है। इसे धर्म के आधार पर अच्छे-बुरे में बांटना गलत है। अगर ऐसा है तो फिर तो मुस्लिम युवा, जींस और टी-शर्ट क्यों पहनते हैं? सबका लिबास धर्म के आधार पर क्यों नहीं हों?

मौलानाओं ने वीडियो दिखाकर माइंड वॉश किया
ज्योति का कहना है कि मौलानाओं ने मूक बधिर बच्चों को टारगेट कर तरह-तरह के वीडियो दिखाकर ब्रेन वॉश किया है। ज्योति के मुताबिक, मौलानाओं ने इस्लाम से जुड़े कई तरह के वीडियो तैयार किए हैं, जिनमें यही बताया जाता है कि इस्लाम सबसे अच्छा धर्म है, जबकि हिंदू और अन्य धर्म के बारे में बुराई की गई है। इन वीडियो को लगातार बच्चों को दिखाया गया है। ज्योति कहती हैं कि हिंदुओं में इस तरह का कोई वीडियो नहीं बनाया जाता है। ऐसे में आदित्य को समझाने में अब काफी दिक्कत हो रही है।

7 साल पहले मुस्लिम टीचर के संपर्क में आया था
ज्योति के मुताबिक 7 साल पहले उनका बेटा चमनगंज इलाके में स्थित हलीम मुस्लिम कॉलेज में सप्ताह में 1 दिन इस्लाम की शिक्षा देने वाले मोहम्मद वासिफ के संपर्क में आया था। मोहम्मद वासिफ ने वीडियो के जरिए उसका ब्रेन वाॅश किया और बाद में अपने गिरोह के हवाले कर दिया।

साभार – dainik bhaskar

Raushan Kumar is known for his fearless and bold journalism. Along with this, Raushan Kumar is also the Editor in Chief of apanabihar.com. Who has been contributing in the field of journalism for almost 5 years.