बिहार के लिए यह बेहद राहत भरी खबर है। सोमवार को इस मौसम का दूसरा सर्वाधिक गर्म दिन था। अधिकमत तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था। अब कल यानी नौ जून से बिहार का मौसम बदल जाएगा, इससे लोगों को राहत मिलेगी। खेती-किसानी के लिए भी यह अत्‍यंत लाभदायक होगा।  9 जून, बुधवार से प्रदेश में गरज-चमक और आंधी के साथ बारिश के आसार हैं। हालांकि यह प्री-मानसून की बारिश होगी।

मौसम विज्ञान केंद्र ने सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार नौ जून से प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जिलों में आंधी भी चल सकती है। प्रदेश में सामान्‍य तौर पर 14 जून को मानसून का आगमन होता है। इस बार देश के कई हिस्‍सों में समय से पहले मानसून के आगमन को देखते हुए बिहार में भी इसके एक-दो दिन पहले पहुंचने के आसार हैं। इस बार मानसून के झूमकर बरसने की उम्‍मीद है।

झुलसाने वाली गर्मी ने परेशान किया

सोमवार को प्रदेश का मौसम काफी सख्त रहा। सुबह से शाम तक लोग झुलसाने वाली गर्मी से परेशान रहे। तीखी धूप ने लोगों को हलकान कर दिया। राजधानी में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। भागलपुर राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा, जहां का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम में बदलाव के मिले संकेत

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि अगले दो दिनों में प्रदेश के मौसम में व्यापक बदलाव होने की उम्मीद है। राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में सोमवार से ही बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं।

Raushan Kumar is known for his fearless and bold journalism. Along with this, Raushan Kumar is also the Editor in Chief of apanabihar.com. Who has been contributing in the field of journalism for almost 5 years.