Site icon APANABIHAR

नक्सलियों से मुठभेड़ के बाद 21 जवान लापता, कल 5 जवान हुए थे शहीद, इस घटना पर PM मोदी ने दुख जताया

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र बीजापुर और सुकमा जिले में शनिवार को हुए नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के बाद अब तक 21 जवान लापता हैं जिनकी खोजबीन जारी है। इस दौरान 5 जवान शहीद हुए हैं जबकि 30 जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों में से 7 जवानों को रायपुर और 23 जवानों को बीजापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सुरक्षाबलों का दावा है कि इस मुठभेड़ में करीब 9 नक्सली मारे गये और कम से कम 12 नक्सली घायल हुए है। एक वर्दी पहनी महिला नक्सली का शव भी बरामद किया गया है। इस मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है।

जवानों के शहीद होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। पीएम मोदी ने कहा कि जवानों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा है…”मेरी संवेदनाएं छत्तीसगढ़ में शहीद हुए जवानों के परिजनों के साथ है। वीर शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है”

बस्तर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर और सुकमा जिले के जोनागुड़ा गांव के पास सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच शनिवार को हुई मुठभेड़ के बाद से 21 जवान लापता हैं। लापता जवानों से अब तक कोई संपर्क नहीं हो पाया है। लापता जवानों की खोजबीन जारी है।

घटना के बाद सीआरपीएफ डायरेक्टर जनरल कुलदीप सिंह भी आज हालात का जायजा लेने छत्तीसगढ़ पहुंचे। उन्होंने बताया कि 21 लापता जवानों में से 7 CRPF के  जवान हैं। हमले में शहीद हुए 5 जवानों में से भी 2 CRPF के हैं। इसके अलावा घायल हुए जवानों में से भी 16 जवान CRPF के हैं। वही सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से एक महिला नक्सली का शव बरामद किया है। मुठभेड़ में नक्सलियों को भी काफी नुकसान होने की खबर है।

Exit mobile version