पटना में दिल दहला देने वाली एक घटना हुई है। यहां एक महिला ने बड़ी ही बेरहमी से अपनी सास की हत्या कर दी और उसकी आंखें निकाल लीं। इस पर भी उसका मन नहीं भरा तो शव की अंगुलियां काट डालीं।
साथ ही, खुद को भी आग लगा ली। पटना में जिसने भी इस घटना के बारे में सुना, हैरत में है। फिलहाल, आरोपी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
अक्सर होता था सास-बहू में झगड़ा
जानकारी के मुताबिक, यह घटना परसा बाजार थाना क्षेत्र के सकरैचा की है। यहां धर्मशिला देवी अपने पति राजकुमार साहू, बेटे और बहू आरती के साथ रहती थीं।
बताया जा रहा है कि सास-बहू के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था, लेकिन बीच-बचाव के बाद मामला सुलझ जाता था। इस बार विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि आरती ने अपनी सास धर्मशिला देवी को जान से मार डाला।
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार होने वाले झगड़े से परेशान होकर आरती ने अपनी सास की हत्या कर दी। उसके मन में धर्मशिला देवी के प्रति इतना ज्यादा गुस्सा था कि उसने हत्या के बाद सास की आंखें निकाल लीं। साथ ही, उनकी अंगुलियां भी काट डालीं।
फिर खुद को लगा ली आग
बताया जा रहा है कि सास की हत्या करने के बाद आरती डिप्रेशन में आ गई। ऐसे में उसने खुद को आग लगा ली।
आग लगने के बाद उसने दरवाजा खोला और बाहर भागने लगी। उस नजारे को देखकर हर किसी के होश उड़ गए। लोग उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक आरती काफी जल गई थी।