यूपी के बरेली जिले में सात फेरों से पहले ही दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन को दूल्हे का रंग पसंद नहीं था। अपने होने वाले जीवनसाथी का काला रंग देखकर दुल्हन भड़क गई थी। जयमाल की रस्म हो चुकी थी। अब सात फेरे होने बाकी थे, तभी अचानक शादी न करने की खबर सुनकर दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया। फिर क्या था दुल्हन को मनाने का दौर शुरू हुआ, लेकिन दुल्हन मानने वाली नहीं थी। दुल्हन ने लड़के वालों को एक अटपटा सा जवाब भी दिया। दुल्हन ने कहा, न लहंगा लाए और न लाए हार, फिर हमारी चौखट पर क्यों लाए बारात। दुल्हन का जवाब सुनकर दूल्हा समेत सभी बाराती सन्न रह गए। हालांकि दुल्हन की मांग पूरा करने के लिए लड़के वाले राजी भी हो गए, लेकिन इसके बाद दूल्हा काला होने की बात कहते हुए दुल्हन ने शादी के लिए हामी नहीं भरी और बारात को वापस लौटा दिया। इससे पहले दोनों पक्ष सेंथल चौकी गए जहां पुलिस को दोनों पक्षों ने रिश्ता खत्म करने की बात लिखकर दे दी।

मामला बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र का है। यहां एक गांव का युवक जो कि इंटरमीडिएट पास है अब वह आईटीआई कर रहा है। परिजनों ने उसका विवाह हाफिजगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की इंटरमीडिएट पास युवती से तय किया था। गुरुवार को वह बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारातियों की खूब खातिरदारी की। बारातियों को नाश्ता और भोजन कराने के बाद धूम धाम से बारात चढ़ी और जयमाला की रस्म पूरी की गई। लोगों ने डीजे पर भी जमकर डांस किया।

जयमाला की रस्म के बाद फेरों की बारी आयी तो मंडप में पहुंचने से पहले ही दुल्हन ने दूल्हा काला बताते हुए शादी से इंकार कर दिया। दुल्हन की बात सुन कर वहां हंगामा मच गया। लोगों ने उसे काफी समझाया लेकिन वह उसके साथ फेरे लेने को राजी नहीं हुई।  सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ पहुंची सेंथल पुलिस चौकी इंचार्ज राजकुमार दोनों पक्षों के लोगों को साथ लेकर पुलिस चौकी आए जहां दोनो पक्षों के लोगों के बीच काफी देर तक पंचायत होती रही। दूल्हे के परिजनों का आरोप था कि दुल्हन वाले सोने का हार और लहंगे की मांग कर रहे हैं। वे लहंगा और हार लाने के लिए राजी हैं लेकिन वह उनके बेटे को सही नहीं बता रहे हैं। बाद में दोनों पक्षों के बीच रिश्ता तोड़ने की बात तय हुई और बारात बैरंग लौट गई।

साभार – hindustan

Raushan Kumar is known for his fearless and bold journalism. Along with this, Raushan Kumar is also the Editor in Chief of apanabihar.com. Who has been contributing in the field of journalism for almost 5 years.