आधी शादी छोड़ भागा दूल्हा:लड़की वालों ने बारातियों को बनाया बंधक, लड़के के चचेरे भाई से शादी की बात पर मामला हुआ शांत; फिर से अदा की गईं सारी रस्में :
मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र की सुखासन पंचायत के वार्ड-1 में बुधवार की रात वरमाला के बाद ही दूल्हा अपने कुछ साथियों के साथ फरार हो गया। इस बात की भनक जब लड़की पक्ष वालों को लगी तो उन्होंने बारातियों को बंधक बना लिया। बारातियों की पिटाई भी हुई और इसकी जानकारी स्थानीय मुखिया और जनप्रतिनिधियों को दी गई।
पुलिस की सुरक्षा में शादी
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सूचना पर सदर थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे और वर-वधु पक्ष से बात की। ग्रामीणों और लड़के वाले की रजामंदी पर लड़का का चचेरा भाई शादी के लिए तैयार हुआ, जिसके बाद मामला शांत हुआ। तब फिर से शादी की सारे विध-विधान शुरू हुए और गुरुवार की दोपहर बाद सुखासन गांव के पंचायत भवन के सामने स्थानीय समाज और पुलिस अधिकारियों के संरक्षण में लड़के के चचेरे भाई दिलखुश कुमार से दुल्हन की शादी कराई गई।
गांव वालों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। लड़की के पिता सिकन्दर राम ने जहां बेटी की शादी पर राहत की सांस ली। वहीं लड़के के पिता वीरू राम ने भी इस रिश्ते पर ख़ुशी जताई। थानेदार सुरेश प्रसाद सिंह ने भी टूटे रिश्ते को जोड़ने के लिए वर-वधू पक्ष को बधाई दी।